सर्वप्रथम न्यूज़ :BJP thousand rally for 2019 Loksabha Election: लोकसभा चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा के साथ ही भाजपा ने अपनी प्रचार की रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। लगभग दो महीने लंबे चुनाव प्रचार अभियान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के स्टार प्रचारकों की लगभग एक हजार सभाएं होंगी। खुद प्रधानमंत्री के लगभग 200 सभाएं करने की संभावना है। उनके अलावा अमित शाह, राजनाथ सिंह, योगी आदित्यनाथ भी धुंआधार प्रचार करेंगे। प्रचार की मुख्य थीम ‘सत्ता भोग के 50 साल बनाम सेवा भाव के 50 महीने’ रहेंगे।
भाजपा की चुनाव प्रचार रणनीति से जुड़े एक प्रमुख नेता ने कहा है कि भाजपा के केंद्रीय प्रचारक लोकसभा की सभी सीटों पर प्रचार करेंगे, चाहे वे सीटें भाजपा लड़ रही हो या फिर उसके सहयोगी। हालांकि उसका सबसे ज्यादा फोकस उन राज्यों पर रहेगा, जहां वह अभी मजबूत है और जहां से उसके लिए बेहतर संभावनाएं हैं। लोकसभा चुनाव लड़ रहे नेता भी अपने चुनाव के पहले भी काफी समय दूसरी सीटों पर प्रचार में लगाएंगे और अपना चुनाव होने के बाद तो पूरा समय देंगे ही।