Breaking News

‘कंगाल’ हुआ BSNL, अगस्त का वेतन देने के लिए पैसे की किल्लत

सर्वप्रथम न्यूज़ सौरभ कुमार : नकदी संकट से जूझ रही भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) को अपने कर्मचारियों का अगस्त का वेतन देने में दिक्कत आ रही है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह बात स्वीकार की। नाम जाहिर ना करने की शर्त पर अधिकारी ने बताया कि कंपनी की मासिक कमाई करीब 1,400 करोड़ रुपये है। कर्ज पर ब्याज भुगतान समेत उसकी कुछ देनदारियां भी हैं।अधिकारी ने बताया कि 30 अगस्त को मासिक वेतन देने में बीएसएनएल को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि उन्होंने इसे जारी करने की किसी समयसीमा के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। बीएसएनएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक पी.के. पुरवार ने इस संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब नहीं दिया है।इस बीच भारत संचार निगम लिमिटेड के कर्मचारी संगठनों के अखिल भारतीय संघ एयूएबी के समन्वयक पी. अभिमन्यु ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘ सरकार पर बीएसएनएल का बहुत बकाया है। पेंशन योगदान के नाम पर सरकार 2007 से बीएसएनएल से हर साल करीब 400 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि भी वसूल रही है।’’ एयूएबी अपनी मांगों को लेकर दबाव बढ़ाने के लिए देशभर में आंदोलन चलाने की भी योजना बना रही है।उन्होंने कहा कि इस बार हम देशव्यापी आंदोलन की योजना बना रहे हैं। दूरसंचार विभाग अगर वेंडर और बीएसएनएल दोनों का बकाया भुगतान कर दे तो कर्मचारियों को समय पर वेतन दिया जा सकेगा। बीएसएनएल के कुल कर्मचारियों की संख्या 1,65,179 है। इनके वेतन पर कंपनी की कुल आय का करीब 75 प्रतिशत खर्च होता है। कंपनी के 14,000 करोड़ रुपये के नुकसान में होने का अनुमान है जबकि 2018-19 में उसकी कुल आय 19,308 करोड़ रुपये थी।

 

Check Also

दिव्यांग अधिकार अधिनियम 2016 क्या है ? संपूर्ण सच्चाई।What is the Disability Rights Act of 2016? The Complete Truth

🔊 Listen to this सर्वप्रथम न्यूज सौरभ कुमार : दिव्यांगों के लिए बिल्कुल निःशुल्क काम …